मैने सुना है, फूल को कहते हुए।
मैंने सुना है, 'फूल' जो ऊपर लगा है
डाल पर उस, दूर उतने
कुछ कहा
है,
तुम सुनोगे?
पास आओ सबसे पहले,
प्रेम से, देखो उसे।
वह फुसफुसाया है अभी
मधुमक्खियों से,
भ्रमर से..
तितलियों से..
पास की खिलती कली से,
चुप रहो, आराम से
आनंद से,
स्नेह
भर!
मिल सभी,
आगोश में ले लो मुझे..।
खुश हैं वे, बिना बोले,
समझते हैं
हमसे तुमसे बहुत ज्यादा,
सच कह रहा हूँ, एक दूसरे को..।
खड़े होकर दूर से, देखो इन्हें..
एक भी नखक्षत नहीं है,
इतने घने सानिध्य में
एक पंखुरी पे।
सुवासित!
वह
पुष्प! वैसे ही पड़ा है..
मुस्कुराता, प्रफुल्लित! है,
यही तो वह प्रेम है
स्पर्श सा, स्पर्श बिन..!
देख न! सहज हैं, सरल हैं वे
चूमते हैं, किस अदा से
प्यार में,
बिन डरे संसार से,
स्नेह से.. एक दूसरे को।
एक तू है, बंट गया है अंश में
जाने न कितने!
एक क्षण
स्थिर नहीं है,
मशीन ही तू बन गया है,
सोचता है आगे पीछे
प्रेम में..।
समर्पण है अधूरा
चाहता है पूरा पूरा..
अरे! प्रेम,
करुणा दिव्यता है
आ दिव्यता को और गहरे समझ लें..
कभी बैठ कर इसे और गहरे सोच लें..!
जय प्रकाश मिश्र
.

Comments
Post a Comment